ट्रंचिंग ग्राउंड में सफाई कर्मियों को कूड़े की छंटाई से मानव मांस का लोथड़ा मिला। उन्होंने अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। भ्रूण की आशंका में मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन तक पहुंची। डाक्टरों ने घटनास्थल पर पहुंचकर उसकी जांच की तो वह ह्यूमन प्लेसेंटा (भ्रूण के बाहर का मांस का खोल) पाया गया। सफाई कर्मियों ने बताया कि यह कचरा जौनपुर के कूड़ेदान से निकाला गया था। ट्रंचिंग ग्राउंड में भ्रूण मिलनेे की खबर शहर में जंगल की आग की तरह फैल गई। इसके बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। लोग कई तरह के कयास लगाने लगे।
बृहस्पतिवार सुबह जब शहर भर का कूड़ा ट्रैक्टरों के जरिए झूलाबस्ती स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में ले जाया गया तो इस दौरान एक प्लास्टिक बैग में मानव मांस का लोथड़ा पड़ा मिला। सफाई कर्मियों को यह भ्रूण जैसा दिखा तो उन्होंने इसकी जानकारी अधिशासी अधिकारी अमरजीत कौर को दी।
ईओ ने कोतवाली पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही बाजार चौकी इंचार्ज सुनील रावत, उपनिरीक्षक आनंद मेहरा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इसकी जांच के लिए सरकारी अस्पताल के सीएमएस से आग्रह किया। डाक्टरों ने मौके पर पहुंचकर उसके सेंपल लिए। अस्पताल सूत्रों के अनुुसार मानव मांस का लोथड़ा ह्यूमन प्लेसेंटा पाया गया है। बताया जा रहा है कि किसी अस्पताल में डिलीवरी के बाद यह गलती से कूड़ेदान के जरिए ट्रंचिंग ग्राउंड तक पहुंच गया।