कोटद्वार। आईएचएमएस ओलंपियाड के दूसरे दिन विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान फुटबाल मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया।
संस्थान के खेल मैदान में फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला अर्जुन और गोपाल हाउस के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ी टक्कर देखने को मिली। निर्धारित समय तक मुकाबला 2-2 गोल की बराबरी पर रहा। इसके बाद मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें गोपाल हाउस ने 3-2 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।
खेल प्रतियोगिताओं के तहत बालक वर्ग की 100 मीटर रिले रेस में अर्जुन हाउस ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि बालिका वर्ग में गोपाल हाउस विजेता रहा। 400 मीटर रिले रेस के बालक और बालिका दोनों वर्गों में अर्जुन हाउस ने बाजी मारी। क्रिकेट बाल थ्रो, डिस्कस थ्रो और शाटपुट में भी अर्जुन हाउस के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। टेबल टेनिस के एकल और युगल मुकाबलों के बालक-बालिका वर्ग में भी अर्जुन हाउस प्रथम रहा। प्रफुल्ल हाउस ने दूसरा, जबकि गोपाल और गंभीर हाउस ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।
बैडमिंटन के बालक एकल वर्ग में गोपाल हाउस और बालिका वर्ग में गंभीर हाउस विजेता रहा। इस अवसर पर कॉलेज के कार्यकारी निदेशक अजय राज नेगी, प्राचार्य डॉ. अश्वनी शर्मा, जनसंपर्क अधिकारी नरेश थपलियाल, खेल समन्वयक अंकित कुकरेती मौजूद रहे।