पोखड़ा-देहरादून और टकोलीखाल-देहरादून के बीच चलेंगी सीधी बसें, यात्रियों को मिलेगी सुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। गढ़वाल मोटर्स ऑनर्स यूनियन (जीएमओयू) की ओर से गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों से राजधानी देहरादून के लिए बस सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इससे पर्वतीय क्षेत्रों के यात्रियों को देहरादून आने-जाने में सुविधा मिलेगी। अब तक पहाड़ से देहरादून जाने वाले यात्रियों को हरिद्वार या फिर ऋषिकेश पहुंचकर देहरादून की बसें पकड़नी पड़ती थीं।
कंपनी के संचालक मंडल के अध्यक्ष नवीन तिवारी ने बताया कि 24 अक्तूबर से शनिवार को पोखड़ा से देहरादून के लिए हिमगिरी बस सेवा शुरू होगी। यह बस सुबह पांच बजे पोखड़ा से वाया सतपुली और देवप्रयाग होते हुए देहरादून पहुंचेगी। वहीं देहरादून से सुबह सात बजे देवप्रयाग और सतपुली होते हुए पोखड़ा के लिए बस संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि रविवार 25 अक्तूबर से देहरादून-कोटद्वार-टकोलीखाल मार्ग पर भी बस सेवा शुरू होगी। देहरादून प्रेमनगर स्थित जीएमओयू अड्डे से सुबह 5:30 बजे टकोलीखाल के लिए बस रवाना होगी। वहीं टकोलीखाल से सुबह आठ बजे वाया रिखणीखाल और कोटद्वार होते हुए देहरादून के लिए बस संचालित की जाएगी। इन सेवाओं के शुरू होने से संबंधित क्षेत्रों के यात्रियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।