जीआईसी द्वारीखाल में हुआ अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन
सतपुली। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत बाल विकास परियोजना द्वारीखाल की ओर से बुधवार को जीआईसी द्वारीखाल में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत अफसर बिटिया कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
प्रधानाचार्य रमाकांत डबराल ने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाएं प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने एवं निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति अरोड़ा ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अनुकृति गुसाईं ने बालिकाओं को स्वास्थ्य, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं कन्या भ्रूण हत्या जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। वहीं, वन स्टॉप सेंटर की अधिवक्ता लक्ष्मी रावत ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, शिक्षा का अधिकार अधिनियम और बालिकाओं के कानूनी अधिकारों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के लिए निबंध, पेंटिंग, कविता एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार स्वरूप शील्ड एवं प्रशस्तिपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सुपरवाइजर गीता सैलानी, कनिष्ठ सहायक राकेश सिंह, एएनएम जितेंद्र रावत मौजूद थे।