कोटद्वार। जिला फुटबाल संघ पौड़ी की ओर से खेलो इंडिया के तहत राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गाड़ीघाट में दो दिवसीय अस्मिता फुटबाल लीग का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में जीजीआईसी कोटद्वार की टीम ने हैप्पी होम स्कूल को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
नॉकआउट आधार पर आयोजित प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों की बालिका वर्ग की आठ क्लब टीमों ने प्रतिभाग किया। जीजीआईसी कोटद्वार और हैप्पी होम स्कूल के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच रोमांचक खेल देखने को मिला। जीजीआईसी कोटद्वार की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज की।
समापन समारोह में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनीता आर्या मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्तिपत्र प्रदान किए। उन्होंने छात्राओं को मोबाइल फोन से दूर रहकर खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि योग और खेल शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों को भी अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। इस अवसर पर फुटबाल कोच महेंद्र रावत, शिवा चौधरी, सतीश मौर्य, सिद्धार्थ रावत और तरुण इष्टवाल आदि मौजूद रहे।