यहां पेट्रोल पंप की मशीन फिर खराब हो गई है। इससे पाबौ, पैठाणी और त्रिपालीसैण के उपभोक्ताओं को पेट्रोल के लिए 29 किमी दूर पौड़ी की दौड़ लगानी पड़ रही है।
पाबौ ब्लाक मुख्यालय में एक पेट्रोल पंप है। इसे गढ़वाल मंडल बहुउद्देश्यीय सहकारी समिति संचालित करती है। ब्लाक मुख्यालय के अलावा चिपलघाट, पैठाणी, त्रिपालीसैण, स्योली खंड, नौठा व भरसार समेत कई कस्बों के लोग पेट्रोल के लिए इसी पंप पर निर्भर हैं।
28 सितंबर को इस पंप की मशीन खराब हो गई। उसे अब तक ठीक नहीं किया जा सका है। पंप संचालक योगंबर सिंह गुसाईं ने बताया कि उन्होंने मशीन खराब होने की सूचना 28 सितंबर को ही इंडियन आयल कारपोरेशन को दे दी थी, लेकिन अब तक मशीन ठीक करने के लिए कोई नहीं पहुंचा है। उपभोक्ताओं का कहना है मशीनों की हालत भी कुछ ठीक नहीं है। ये अधिकतर खराब ही रहती हैं। उपभोक्ताओं ने इंडियन आयल से पेट्रोल पंप में नई मशीन लगाने की मांग की है।