गढ़वाल विवि पर सेल्स टैक्स का 50 लाख का बकाया है। इसकी वसूली राजस्व विभाग को दी गई है। राजस्व विभाग ने 15 दिनों में बकाया भुगतान नहीं करने पर विवि के खाते सीज करने की चेतावनी दी है। गढ़वाल विवि ने इस संबंध में हाईकोर्ट में अपील की है, लेकिन राजस्व विभाग का कहना है कि रिकवरी को लेकर स्टे आर्डर नहीं है। 15 दिनों में भुगतान नहीं करने पर विवि के खाते सीज कर दिए जाएंगे।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विवि ने कई वर्षों से सेल्स टैक्स नहीं चुकाया है। जबकि विभाग ने बकाया राशि का भुगतान करने के संबंध में विवि को कई बार नोटिस भेजा। विवि ने ना तो भुगतान किया है और ना ही कोई स्पष्टीकरण दिया है। सेल्स टैक्स के सहायक आयुक्त दीपक कुमार ने बताया कि विवि पर 50 लाख का बकाया था। इसकी वसूली के लिए विवि को कई बार नोटिस भेजा गया। बावजूद इसके विवि की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में वसूली के लिए मामला राजस्व विभाग को दे दिया गया। वहीं विवि के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में हाईकोर्ट में अपील की गई है। निर्णय के बाद ही कार्रवाई जाएगी। एसडीएम रजा अब्बास ने बताया कि कोर्ट से वसूली पर स्टे नहीं है। ऐसे में विवि को 15 दिनों में बकाया राशि जमा करने का नोटिस दिया गया है। समयावधि पर बकाया राशि जमा नहीं होने पर विवि के खाते सीज कर दिए जाएंगे।