ढ़वाली फिल्म कन्यादान का पोस्टर।
- फोटो : KOTDWAR
देहरादून के बाद कोटद्वार में भी गढ़वाली फिल्म कन्यादान रिलीज हो गई है। देवीरोड के तड़ियाल चौक स्थित के-प्राइड मॉल स्थित सिनेमाघर में फिल्म का एक शो 14 अक्तूबर तक प्रतिदिन शाम चार बजे से शुरू होगा। स्टेशन रोड स्थित जीएमओयू स्थित कार्यालय हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में फिल्म के लेखक, निर्माता और निर्देशक देबू रावत ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गढ़वाली फिल्म कन्यादान समाज में व्याप्त जातिवाद की कहानी पर आधारित है। इसमें लोहार दंपती एक सवर्ण परिवार की नवजात बच्ची का पालन पोषण कर बड़ा करते हैं। बच्ची के बड़ी होने पर उसके विवाह की समस्या जन्म लेती है। कैसे इस समस्या का समाधान होता है। इसी तानेबाने पर इस फिल्म का निर्माण किया गया है। फिल्म की शूटिंग त्रियुगीनारायण, सोनप्रयाग, अगस्तमुनि, चोपता और देहरादून के मालदेवता जैसी उत्तराखंड की रमणीक वादियों में की गई है। मुख्य भूमिका में गौरव गैरोला, शालिनी शाह, रमेश रावत, गीता उनियाल, रीता भंडारी, मदन डुकलान, रणवीर चौहान हैं। इस मौके पर शाकुंतलम फिल्म इंस्टीट्यूट के निदेशक शिव नारायण सिंह रावत मौजूद रहे।