अब आपको गढ़वाल विवि से संबंधित जानकारियों के लिए कंप्यूटर या लैपटाप पर विवि की वेबसाइट खोलने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। यदि आपके पास एंडरॉयड मोबाइल फोन है तो आप कहीं भी गढ़वाल विवि से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। विवि के बिड़ला परिसर में बीएससी प्रथम वर्ष में अध्ययनरत आशीष जोशी ने यह ऐप तैयार किया है। ऐप में गढ़वाल विवि से संबंधित संपूर्ण जानकारी उपलब्ध है। इसके लिए आशीष जोशी को कुलपति सम्मानित करेंगे।
बता दें कि ऐप बनने के बाद नेट पर सर्च करने के बजाय गढ़वाल विवि की संपूर्ण जानकारियां एंडरॉयड मोबाइल के क्लिक से ही मिल जाएंगी। ऐप को प्ले स्टोर से एचएनबीजीयू के नाम से डाउनलोड किया जा सकता है। आशीष ने बताया कि उनके बड़े भाई ने ऐप बनाने का आइडिया दिया था। करीब तीन सप्ताह की दिन रात की मेहनत के बाद उन्हें ऐप बनाने में सफलता मिली। गढ़वाल विवि के ओएसडी प्रो. डीएस नेगी ने बताया कि इस मामले को विवि की लीगल सेल में भेजा गया है। छात्र के कार्य को विवि परिवार ने सराहा है। छात्र को कुलपति के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
छात्रों से संबंधित सूचनाएं होंगी एप में
आशीष जोशी ने बताया कि ऐप की प्राथमिकता छात्रों से संबंधित सूचनाएं देना होगा। इसमें छात्र परीक्षा, प्रवेश, पाठ्यक्रम व शिक्षकों से संबधित सभी सूचनाएं मिलेंगी। अब छात्र मोबाइल से परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र, अंक पत्र आदि प्राप्त कर सकता है। आशीष ने बताया के ऐप में फीड बैक कॉलम भी बनाया गया है। इसके जरिए छात्र ऐप के लिए सुझाव दे सकते हैं।
सरकारी विद्यालय से पढ़ा है आशीष
श्रीनगर। आशीष ने कक्षा ग्यारह तक जीआईसी थराली से पढ़ाई की है। इंटरमीडिएट विद्यामंदिर श्रीकोट से पूरा किया। आशीष ने वर्ष 2013 में कोलकाता में आयोजित मैथामेटिक्स सेमिनार में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व भी किया है।