कोटद्वार-पौड़ी नेशनल हाईवे पर दुगड्डा और गुमखाल के बीच फतेहपुर बैंड के पास एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में काशीपुर में तैनात आरआई समेत उनके परिवार के चार लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं। इन सभी का पीएचसी दुगड्डा में उपचार कराया गया।
दुगड्डा चौकी इंचार्ज एसआई ओमप्रकाश ने बताया कि काशीपुर में तैनात संभागीय निरीक्षक (आरआई) तारकेंद्र वैष्णव (47) पुत्र स्व. मोहन चंद्र अपनी कार से रूद्रपुर से अपने घर पौड़ी जा रहे थे। इसी दौरान फतेहपुर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। कार चला रहे आरआई, उनकी पत्नी कुसुमलता वैष्णव (38), उनके पुत्र उत्कर्ष (13) और प्रत्यक्ष (4) घायल हो गए। दुगड्डा चौकी पुलिस ने चारों को कार से निकालकर पीएचसी पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।