श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के लिए मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो.एचसी नैनवाल के नेतृत्व में बृहस्पतिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन 37 नामांकन प्रपत्र बिके। वहीं चार प्रत्याशियों ने नांमाकन प्रपत्र जमा किए। इस दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। छात्र-छात्राओं में चुनाव के प्रति बेहद उत्साह दिखा।बिड़ला परिसर में छात्रसंघ चुनाव के अध्यक्ष पद के लिए 6 प्रत्याशियों ने फॉर्म खरीदें। वहीं विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, सहसचिव एवं कार्यकारिणी सदस्य के तीन-तीन तथा अन्य पदों के लिए 2-2 प्रत्याशियों ने फॉर्म खरीदे। पहले दिन छात्रा कार्यकारिणी सदस्य निशा, उपाध्यक्ष पद के लिए अभिषेक घिल्डियाल, सचिव पद के लिए मोहित राणा, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए शौर्य विकास उपाध्याय ने नामांकन पत्र जमा किए। छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार को दो बजे तक नामांकन फॉर्म खरीदने तथा जमा करने का अंतिम दिन होगा, प्रत्याशियों ने फॉर्म त्रुटि से बचने के लिए एक से अधिक फॉर्म खरीदे। मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. एचसी नैनवाल ने कहा कि चुनाव समिति अपने दायित्वों के अनुसार कार्य का निर्वहन कर रही है। लगभग 100 से अधिक शिक्षक तथा शिक्षणेत्तर कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया को संपंन करने में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। मुख्य छात्र सलाहकार प्रो. एमएम सेमवाल ने छात्र-छात्राओं से अनुशासन बनाने की अपील की। इस अवसर पर प्रो. आरसी डंगवाल, प्रो. आरएस नेगी, प्रो. एचबीएस चौहान, प्रो एमसी सती, प्रो. दीपक कुमार, प्रो. प्रशांत कंडारी, प्रो. सीमा धवन, डॉ विजयकांत पुरोहित, डॉ. मधुसूदन सती, डॉ. दीपक भंडारी, डॉ आरएस भंडारी, डॉ राहुल बहुगुणा, डॉ. कपिल पंवार आदि मौजूद रहे।