श्रीनगर। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में उप जिला चिकित्सा श्रीनगर की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सा उपकरणों की स्थिति, स्वच्छता एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं की विस्तार से समीक्षा कर महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए।बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने स्त्री रोग विशेषज्ञ की शीघ्र तैनाती के निर्देश दिए, जिससे गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ सुविधा मिल सके। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने पर बल देते हुए कहा कि यदि मरीज को रेफरल करना जरूरी हो, तो औचित्य सहित मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के संज्ञान में लाकर किया जाए। उन्होंने अस्पताल में सौर ऊर्जा को उपयोग में लाने के निर्देश दिए। साथ ही ऑक्सीजन प्लांट की मरम्मत करवाने व जिला चिकित्सालय में अतिरिक्त सीटी स्कैन मशीन को संयुक्त अस्पताल में लाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य उपकरणों पर चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने मशीनों को दुरुस्त कराने और मानव संसाधन तथा अस्पताल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने महिला एवं पुरुष वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और अस्पताल की व्यवस्थाओं पर फीडबैक लिया। जन औषधि केंद्र, मेडिसिन ओपीडी, होम्योपैथी केंद्र, ऑपरेशन थियेटर, लेबर वार्ड और पैथोलॉजी कक्ष का निरीक्षण कर स्वास्थ्य परीक्षणों की सूची प्रवेश द्वार पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा पैथोलॉजी के लिए फुली ऑटोमेटेड हार्मोनल एनालाइजर मशीन के क्रय का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही मुख्य रूप से 9 सेवक/सेविकाओं का सेवा विस्तार के लिए प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में मेयर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी, निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण गढ़वाल मंडल डॉ. चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, प्रभारी सीएमएस डॉ. अजय गोयल व उप कोषाधिकारी नंदन सिंह खत्री आदि मौजूद थे।