सतपाली निवासी अधिकारी को उत्कृष्ट एवं विशिष्ट सेवाओं के लिए मिला सम्मान
स्थापना दिवस समारोह में सीबीआई निदेशक ने किया अलंकृत
कोटद्वार। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 88वें स्थापना दिवस समारोह में एकेश्वर ब्लॉक के ग्राम सतपाली गांव निवासी एवं सीआरपीएफ के सेवानिवृत्त सहायक कमांडेंट संजय कुमार रावत को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित शौर्य, वसंतकुंज में आयोजित समारोह में सीबीआई निदेशक प्रवीण सूद ने राष्ट्रपति की ओर से उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
संजय कुमार रावत का चयन उनकी दीर्घकालीन उत्कृष्ट, सराहनीय एवं विशिष्ट सेवाओं के आधार पर 26 जनवरी 2025 को राष्ट्रपति पदक के लिए किया गया था। मूल रूप से एकेश्वर ब्लॉक के सतपाली गांव निवासी संजय कुमार रावत वर्तमान में प्रतापनगर, कोटद्वार में निवास करते हैं। सीआरपीएफ से सेवानिवृत्ति के बाद भी रावत राष्ट्रसेवा से जुड़े हुए हैं।
वर्तमान में वे आयुष मंत्रालय के अधीन मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान (एमडीएनआईवाई), नई दिल्ली में सलाहकार (प्रशासनिक) के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। राष्ट्रपति पदक से सम्मानित होने पर सीआरपीएफ के अधिकारियों, पूर्व सहकर्मियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे उत्तराखंड और सीआरपीएफ दोनों के लिए गर्व की बात कही।