गढ़वाल वन प्रभाग की पोखड़ा रेंज में बुधवार को आग को बुझाने गए दो वन कर्मियों की मौत के बाद उनके घर पर मातम पसरा है। वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिजनों को हर संभव मदद करने का भरोसा दिया।
बृहस्पतिवार को वन विभाग ने मृतक कुंभीचौड़ निवासी फारेस्ट गार्ड हरिमोहन और मल्ली पौड़ी गांव निवासी फारेस्टर दिनेश लाल का कोटद्वार में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए। दिनेश लाल का अंतिम संस्कार उसके गांव के पैतृक घाट में शुक्रवार को किया जाएगा, जबकि हरिमोहन का अंतिम संस्कार बृहस्पतिवार को कोटद्वार के मुक्तिधाम में किया गया।
वन मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने वन विभाग के अधिकारियों से मृतकों के परिजन को नौकरी देने समेत राहत की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत पौड़ी के पूर्व उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, वन विकास निगम के महाप्रबंधक निशांत वर्मा, लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ दीपक सिंह, पोखड़ा रेंज अधिकारी राखी जुयाल ने उनके घर पर जाकर परिजनों को ढांढस बंधाया।