कोटद्वार। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से अनाधिकृत रूप से कोटद्वार और नजीबाबाद के बीच वन क्षेत्र में हाईवे निर्माण कार्य करने की सूचना पर वन विभाग ने तत्काल प्रभाव से हाईवे का निर्माण कार्य रोक दिया है। बड़िया से कोटद्वार तक हाईवे निर्माण कार्य हाईवे अथॉरिटी की देखरेख में चल रहा है।
धीमी गति से चल रहा हाईवे निर्माण कार्य वन विभाग की आपत्ति के बाद पूरी तरह ठप हो गया है।
वन क्षेत्र में 30 मीटर के दायरे से बाहर आकर हाईवे अथॉरिटी द्वारा वन विभाग की सीमा में कार्य किया जा रहा था। वन विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और तत्काल प्रभाव से हाईवे अथॉरिटी को अपनी सीमा में काम बंद करने को कहा। वन विभाग की आपत्ति के बाद नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य कई दिनों से ठप है।
नजीबाबाद से कोटद्वार आवागमन करने वाले कारोबारी और लंबी दूरी के यात्री हाईवे निर्माण की गति धीमी होने, वाहनों से धूल के गुबार उठने आदि की चुनौतियों का पहले ही सामना कर रहे हैं। निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर कई जगह रूट डायवर्ट होने के कारण भी दिक्कतें आ रही हैं। अब निर्माण कार्य बंद होने के बाद उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इससे सबसे ज्यादा गढ़वाल के यात्री प्रभावित हो रहे हैं।
.
हाईवे अथॉरिटी द्वारा अपने स्वामित्व से बाहर निर्माण कार्य करने की सूचना मिली थी। जिस पर हाईवे अथॉरिटी को अपनी सीमा में नियमानुसार निर्माण कार्य करने को कहा गया है। वन विभाग की ओर से मामले में विभागीय जांच भी कराई जा रही है।
-अभिनव राज, डीएफओ बिजनौर वन प्रभाग नजीबाबाद।