बीरोंखाल के मासी ग्राम पंचायत के खेतू गांव में अतिवृष्टि के बाद बिगड़े हालात, क्षेत्रवासी परेशान
बैजरो/कोटद्वार। अतिवृष्टि और भूस्खलन का खामियाजा इन दिनों तहसील बीरोंखाल की ग्रामसभा मासी के खेतू गांव के ग्रामीणों को झेलना पड़ रहा है। पैदल मार्ग कटने से न केवल आवाजाही रुक गई है बल्कि कटान क्षेत्र में बने भवनों के लिए खतरनाक स्थिति उत्पन्न हो गई है।
जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड व तहसील बीरोंखाल के अंतर्गत ग्रामसभा मासी के खेतू गांव में 18 अगस्त, 2026 की सुबह हुई अतिवृष्टि ने काफी नुकसान किया था। अतिवृष्टि के दौरान भूस्खलन होने के कारण गांव का मुख्य आवागमन मार्ग टूटकर ध्वस्त हो गया है जिससे क्षेत्रीय ग्रामीणों का मुख्य सड़क से संपर्क कट गया है और कई मकानों के लिए खतरा उत्पन्न हो गया है।
सुरेंद्र सिंह रावत के मकान के ठीक नीचे की जमीन खिसकने से उनके आवासीय भवन पर भी गंभीर खतरा मंडराने लगा है। मार्ग ध्वस्त होने के कारण ग्रामवासियों, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों के आवागमन में बड़ी बाधा खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने आपदा कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराते हुए प्रशासन से तुरंत राहत की मांग की है। भूस्खलन के संबंध में संजय सिंह रावत एवं ग्राम प्रधान कीर्तिनिधि पाल सिंह रावत ने जिला आपदा कंट्रोल रूम पौड़ी और तहसील बीरोंखाल आपदा कंट्रोल रूम में शिकायत दर्ज कराई है।