पौड़ी। शिक्षक दिवस पर हिमालयन एजुकेशन रिसर्च एंड डवलपमेंट सोसाइटी (हर्ड्स) की ओर से इस साल पांच शिक्षाविदों को स्पर्श गंगा शिक्षाश्री सम्मान से नवाजा जाएगा। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण, क्रियात्मक शोध, शिक्षा के क्षेत्र में शैक्षिक नवाचार व अन्य सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय क्रियाकलापों के लिए इन शिक्षाविदों को यह पुरस्कार दिया जा रहा है।
पर्यावरण को समर्पित संस्था हर्ड्स की ओर से गत पांच सालों से यह पुरस्कार शिक्षाविदों को दिया जा रहा है। उनका चयन पद्मश्री कल्याण सिंह रावत मैती की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय चयन समिति द्वारा किया गया। समिति के सदस्य गढ़वाल केंद्रीय विवि के पौड़ी परिसर के पूर्व निदेशक प्रो. पीपी बडोनी ने बताया कि राज्य स्तरीय शिक्षाश्री सम्मान के लिए इस बार पांच शिक्षाविदों का चयन किया गया है। समिति द्वारा गढ़वाल मंडल के तीन व कुमांऊ के दो शिक्षकों को इस पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। जिसमें जीआईसी परसुंडाखाल से सुर्जी नेगी, जीजीआईसी श्रीनगर से डॉ. सरिता उनियाल, टिहरी के नागराजधार बमुंड से यशपाल सिंह रावत, हल्द्वानी के एमबीजीपीजी महाविद्यालय से डॉ. दीपा सिंह, जीजीआईसी मालधनचौड़ रामनगर से बिंदु शाह को यह पुरस्कार दिया जाएगा। स्पर्श गंगा अभियान के राष्ट्रीय समंवयक प्रो. अतुल जोशी ने बताया कि सभी शिक्षाविदों की प्रतिबद्धता, समर्पण व उत्कृष्ट योगदान के लिए संस्था उन्हें सम्मानित कर रही है।