कोटद्वार। विद्युत वितरण खंड में आयोजित ऊर्जा निगम के समाधान शिविर में बिजली संबंधी पांच शिकायतें पहुंचीं। अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल और एसडीओ सिटी कमल सिंह ने सभी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया।
विभाग की ओर से पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाया गया था। इसमें एक उपभोक्ता ने अधिक बिजली बिल आने की शिकायत की। वहीं एक शिकायत विद्युत कनेक्शन में नाम परिवर्तन से संबंधित रही। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को विद्युत सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा भी दिलाया। बारिश के कारण शिविर में अपेक्षाकृत कम संख्या में उपभोक्ता पहुंचे। शिविर में सरस्वती देवी, सविता रावत, निशा बिष्ट, गीता देवी और राजाराम मौजूद थे।