इस वर्ष दीपावली पर्व के लिए आबादी और बाजार क्षेत्र में आतिशबाजी (पटाखे) की दुकानें नहीं लगेंगी। प्रशासन ने एक माह पहले से ही इसके लिए कवायद शुरू कर दी है। बाजार क्षेत्र के लिए ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मैदान और भाबर क्षेत्र के लिए भाबर में ही पटाखे की दुकान लगाने के लिए जगह चिह्नित की जाएगी।
एसडीएम योगेश मेहरा की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में कमेटी का गठन किया गया। कमेटी बाजार में प्रतिबंधित क्षेत्रों को चिह्नित करेगी। नियमों की अवहेलना करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पिछले वर्ष प्रशासन ने बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाकों को प्रतिबंधित करते हुए पटाखे की दुकानें न लगाने के निर्देश दिए थे, जिस पर व्यापारियों ने प्रशासन के निर्देशों का यह कहते हुए विरोध किया था कि प्रशासन को पहले व्यापारियों को इस बारे में बताना चाहिए था। इस बार पटाखे की दुकानों को बाजार में लगाने से रोकने के लिए प्रशासन ने एक माह पहले से ही कमर कस ली है।
एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि प्रतिबंधित क्षेत्र में पटाखे की दुकानें कतई नहीं सजेंगी। नियमों का सख्ती से पालन करने के लिए सचल दल का गठन किया जाएगा। कहा कि पटाखे की दुकानें ग्रास्टनगंज स्थित दशहरा मैदान में ही सजेंगी। मैदान में पानी के टैंकर, लाइट आदि की व्यवस्था की जाएगी। भाबर क्षेत्र के लिए भी अलग से जगह चिह्नित की जाएगी।