दिवाली पर पटाखों की दुकानों को ग्रास्टनगंज और मोटाढांक में लगाने के निर्देश पर व्यापारियों में रोष है। स्थानीय पटाखा व्यापारियों ने कोटद्वार तहसील में प्रदर्शन किया और उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर थोक विक्रेताओं पर ये निर्देश लागू करने की मांग की।
सोमवार को पटाखे की दुकान लगाने वाले व्यापारी कोटद्वार तहसील में एकत्र हुए। व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन खतरे की आशंका और सुरक्षा का कारण बताते हुए पटाखों की दुकानों को ग्रास्टनगंज के दशहरा मैदान और मोटाढांक के मिनी स्टेडियम में लगाने की बात कर रहा है। वहीं पटाखे के थोक व्यापारी शहर के बीचों-बीच गोदाम बनाकर थोक व रिटेल में पटाखे बेच रहे हैं। ऐसे में जब शहर के अंदर रिटेल में पटाखे मिलेंगे तो छोटे दुकानदारों के पास ग्रास्टनगंज और मोटाढांक कौन जाएगा।
इस अवसर पर विकास शर्मा, राधेश्याम भाटिया, हिमांशु भाटिया, अशोक गुप्ता, जगदीप भाटिया, सुरेंद्र सिंह, तरुण, आशीष और बनारसी सैनी मौजूद थे।