कोटद्वार रेंज के जंगल में लगी आग।
- फोटो : amar ujala
लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज में आग लगने की दो घटनाओं में करीब आधा हेक्टेयर वन क्षेत्र जल गया। वन कर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समय पर आग पर काबू पाने से अधिक नुकसान नहीं हुआ।
रविवार सुबह कोटद्वार रेंज के अंतर्गत गिवंई स्रोत पुल के पास और शाम साढे़ तीन बजे गिवंई कंपार्टमेंट नंबर तीन पर रामणी पुलिंडा रोड पर जंगल में आग धधक गई। आग की सूचना मिलते ही डिप्टी रेंजर सतविंदर सिंह वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने जंगल में आग लगने वाले हिस्से में फायर लाइन काटी और फिर आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग के बुझते ही वन कर्मियों ने राहत की सांस ली। डिप्टी रेंजर सतविंदर सिंह ने बताया कि किसी शरारती तत्व ने जंगल में आग लगा दी थी। जिससे करीब आधा हेक्टेयर जंगल जल गया। इसकी सूचना आला अधिकारियों को दे दी गई है।