संवाद न्यूज एजेंसी
लैंसडौन। गढ़वाल राइफल्स में आयोजित तीन दिवसीय दीपावली मेले का समापन सोमवार रात फायर क्रेकर्स शो के साथ हुआ। सेना व सिविल क्षेत्र के अलावा निकटवर्ती गांवों पालकोट, डेरियाखाल, जयहरीखाल क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने आतिशबाजी का लुत्फ उठाया।
गढ़वाल राइफल्स की ओर से लोकसंस्कृति और उत्तराखंड की विरासत से लोगों को रूबरू कराने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। प्रसिद्ध लोकगायक ललित मोहन जोशी, पंकज जीना, बेबी प्रियंका व ज्योति आर्या, पुष्कर मेहर ने लोकगीतों की प्रस्तुति दी। पंकज जीना के संचालन में हुए कार्यक्रम के समापन पर कमांडेंट ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी ने कहा कि मेले हमारे जीवन का अभिन्न अंग हैं। इनसे ऊर्जा का संचार होता है। उत्तराखंड की संस्कृति और परंपरा को शुद्ध रूप से जीवित रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।