लैंसडौन। राठी व्यू प्वाइंट डेरियाखाल के निकट मादा गुलदार अपने दो शावकों के साथ एक सप्ताह से देखी जा रही है, जिससे क्षेत्रीय लोगों में दहशत व्याप्त है। जानकार बताते हैं कि जब मादा गुलदार शावकों के साथ होती है तो ज्यादा खतरनाक होती है। लैंसडौन वन रेंज के रेंज अधिकारी राकेश शाह ने बताया कि क्षेत्र में वनकर्मियों की गश्त जारी है। गुलदार बार-बार दिखाई देने पर गश्त की समयावधि बढ़ाई गई है। क्षेत्रीय वासियों को अकेले एवं सुनसान जगहों पर नहीं जाने, मवेशियों को खुला नहीं छोड़ने, आबादी में वन्यजीव नजर आने पर समय रहते वन कर्मियों को सूचित करने की सलाह दी जा रही है।