श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के भूगोल विभाग की ओर से हिमालय दिवस के अवसर पर नवीनीकरण ऊर्जा के माध्यम से हिमालयी स्थिरता: सौर ऊर्जा पर विशेष बल, विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान मुख्य अतिथि गढ़वाल विवि के कुलपति प्रो.श्री प्रकाश सिंह ने कहा कि आज हिमालय पर गहरा संकट है। हिमालय बचाने के लिए सबकी भागीदारी जरूरी है।
प्रो. सिंह ने कहा कि हम पूरे विवि को प्लास्टिक मुक्त कर रहे हैं। प्लास्टिक की बोतलों की जगह कांच की बोतलों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े हो जाते हैं। विवि में हिमालय कलेक्टिव बनाना चाहिए। जिसमें विवि के सभी विभागों की भागीदारी होनी चाहिए। इस अवसर पर उन्होंने विवि के शिक्षकों व छात्र-छात्राओं के साथ पौधरोपण भी किया। कुलपति ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को हिमालय बचाने की शपथ भी दिलाई। भूगोल विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. एमएस पंवार ने हिमालय को बचाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण को जरूरी बताया। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. एमएस नेगी ने कहा कि हमारा अस्तित्व हिमालय से जुड़ा हुआ है, जब हिमालय बचेगा तभी हम बच पाएंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य निर्मला देवी ने चौरास क्षेत्र की समस्याए रखीं। कार्यक्रम में प्रो. एससी नैनवाल, प्रो. हरिभजन चौहान, प्रो. अजीत नेगी, चौरास परिसर ने निदेशक प्रो. आरएस नेगी, प्रो. बीपी नैथानी आदि मौजूद रहे।
क्विज में आस्था व पेंटिंग में अनुष्का अव्वल
कार्यशाला में क्विज प्रतियोगिता और पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित हुई। प्रतियोगिता में 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया। क्विज में आस्था, पल्लवी, मोहित, पल्लवी और तेजेंद्र शीर्ष पांच प्रतिभागी रहे। जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में अनुष्का चौहान, आकांक्षा और अनुष्का विजेता रहे।