कोटद्वार। कालागढ़ टाइगर रिजर्व प्रभाग लैंसडौन की अदनाला रेंज के अंतर्गत रथुवाढाव स्थित वन विश्राम भवन में चल रहे दो दिवसीय होम स्टे प्रशिक्षण कार्यक्रम में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नेचर ट्रेल विकसित करने पर जोर दिया गया। अदनाला रेंज की वन क्षेत्राधिकारी रूपा रानी ने होम स्टे के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा देने की बात कही।
प्रशिक्षण में लैंसडौन ट्रिप ट्रैवल्स कैफे के संस्थापक अमित श्रीवास्तव ने होम स्टे निर्माण में लकड़ी और प्राकृतिक सामग्री के अधिकाधिक उपयोग पर जोर देते हुए अपने अनुभव साझा किए। पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि संजय नेगी ने होम स्टे के लिए आवश्यक नियम, प्रारूप और दस्तावेज की जानकारी दी।
वहीं, स्टेट बैंक कोटद्वार के प्रतिनिधि संदीप सिंह बोहरा ने होम स्टे निर्माण के लिए उपलब्ध ऋण संबंधी जानकारी दी। वन प्रभागीय अधिकारी तरुण एस ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए स्थानीय समस्याओं को इको विकास समितियों के माध्यम से विभाग तक पहुंचाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में 30 स्थानीय प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। उत्साहपूर्ण भागीदारी के लिए बच्चन सिंह को प्रथम, मनोज नेगी को द्वितीय और देवेंद्र भारती को तृतीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
प्रशिक्षणार्थियों से क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक नेचर ट्रेल विकसित करने की अपील की गई। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।