सनेह क्षेत्र के रामपुर में हाथियों का आतंक रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार रात को रामपुर में एक बार फिर हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों का झुंड सुरक्षा दीवार को तोड़कर आबादी में धमका। झुंड ने कोटद्वार-सनेह मार्ग पर रामपुर जा रहे दो बाइक सवारों को घेर दिया। रामपुर के लोगों ने हो हल्ला कर किसी प्रकार उनकी जान बचाई।
मंगलवार रात को लैंसडौन वन प्रभाग और रामपुर की सीमा पर बनी हाथी सुरक्षा दीवार को तोड़कर नौ हाथियों के झुंड कोटद्वार-सनेह मुख्य मार्ग पर धमक गया। इस बीच कोटद्वार से रामपुर बाइक से जा रहे विक्रम सिंह रावत और संजय सिंह के सामने अचानक हाथी जंगल से निकलकर आ गए। दोनों ओर से हाथियों से घिरा देख उन्होंने शोर मचाया। शोर सुनकर रामपुर के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे। बाइक सवारों को हाथियों से घिरा देेख लोगों में अफरा तफरी मच गई। उन्होंने बाइक सवारों की जान बचाने के लिए आनन फानन में हो हल्ला और पटाखे छोड़ने शुरू कर दिए। करीब आधा घंटा की मशक्कत के बाद किसी प्रकार हाथी जंगल की ओर भागे। हाथियों के जंगल जाने के बाद लोगों ने चैन की सांस ली।
समाजसेवी मोहन सिंह रावत, महानंद ध्यानी, सतीश सिंह नेेगी ने वन विभाग पर लोगों का जीवन संकट में डालने का आरोप लगाया। कहा कि आए दिन जंगल से निकलकर हाथी आबादी में धमक रहे हैं। वे रामपुर, कुंभीचौड़ और सनेह में लोगों के घरों के बाहर घूम रहे हैं, जिसके कारण दिन ढलते ही लोग अपने घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। रेंज अधिकारी बीबी शर्मा ने बताया कि रामपुर में हाथियों द्वारा बाइक सवार को घेरने की घटना की जानकारी है। लोगों की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है।