वनकर्मियों ने पटाखे फोड़कर जंगल में खदेड़ा
हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों को सुरक्षा खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। पुलिंडा मार्ग पर इन दिनों हाथियों की चहलकदमी बढ़ गई है। बृहस्पतिवार देर शाम और शुक्रवार सुबह हाथियों के मार्ग पर धमकने और डटे रहने से काफी देर तक आवाजाही बाधित रही। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने पटाखे फोड़कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा जिसके बाद मार्ग पर यातायात सुचारु हो सका।
बृहस्पतिवार देर शाम करीब 8:15 बजे हाथियों का झुंड पुलिंडा मार्ग पर आ धमका और मार्ग पर आवाजाही रुक गई। सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ दिया। इसके बाद शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे हाथी दोबारा मार्ग पर पहुंच गए। इससे काफी देर तक आवाजाही रुकी रही। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पटाखे फोड़े और हाथियों को जंगल में वापस खदेड़ा। पुलिंडा मार्ग घाड़ क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों को कोटद्वार के मुख्य बाजार से जोड़ता है। इसके अलावा सुबह-शाम बड़ी संख्या में लोग टहलने के लिए भी इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में हाथियों की लगातार आवाजाही से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि हाथी मार्ग के आसपास बांस खाने के लिए पहुंच रहे हैं। वनकर्मियों की टीम लगातार गश्त कर रही है। उन्होंने लोगों से मार्ग पर आवाजाही के दौरान सतर्क रहने और हाथी दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।