कोटद्वार के ग्रास्टनगंज में हाथी द्वारा तोड़े गए पेड़।
- फोटो : KOTDWAR
सनेह क्षेत्र में हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात को हाथियों के एक झुंड ने ग्रास्टनगंज आबादी स्थित एक बागीचे में दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने बागीचे में फलदार पेड़ तोड़े डाले। वन विभाग की एसओजी ने हवाई फायर कर किसी तरह हाथियों को जंगल में खदेड़ा। लोगों ने वन विभाग से हाथी से सुरक्षा करने की गुहार लगाई।
सोमवार रात करीब 12 बजे ग्रास्टनगंज वार्ड में पांच हाथियों का झुंड धमक गया। हाथियों की आवाज सुनकर लोगों की नींद खुल गई। हाथियों ने आबादी में घुसते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया। लोगों ने शोर मचाकर हाथियों को भगाने की कोशिश की, लेकिन हाथी उत्पात मचाते रहे। हाथियों ने पार्षद हरीश नेगी के बागीचे में घुसकर फलदार पेड़ों को तोड़ना शुरू कर दिया। लोगों ने वन विभाग को इसकी सूचना दी। वन विभाग के एसओजी प्रभारी रेंजर अनुराग जुयाल के साथ पहुंचे वन कर्मियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद हवाई फायर कर हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। कोटद्वार डिप्टी रेंजर याकूब अली ने बताया कि हाथी से सुरक्षा के लिए क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।