कोटद्वार। द्वारीखाल ब्लॉक के सौड़, सुराडी भगोला और तिगन्या गांव में ट्रांसफार्मर में खराबी आने से पिछले चार दिन से बिजली आपूर्ति ठप पड़ी है, जिससे रात के समय लोगों की जिंदगी अंधेरे में कट रही है। बिजली न होने से एक ओर जहां विद्यार्थियों की पढ़ाई चौपट हो रही है, वहीं रात के समय बाहर निकलना खतरे से खाली नहीं है।
ग्रामीण गोदांबरी देवी, सुंदरी देवी, मंजू देवी, कांति देवी, सुरेश कुमार, सिद्धानंद, प्रकाश सिंह और दीपक का कहना है बिजली न होने से तीन गांवों के 50 से अधिक परिवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आजकल झाड़ियों की वजह से जंगली जानवरों का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों को मोबाइल चार्ज करने के लिए अन्य गांवों में जाना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ऊर्जा निगम के अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। जिससे लोगों में आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने शीघ्र समस्या का निवारण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ऊर्जा निगम के एसडीओ हिल रवि अरोड़ा ने बताया कि क्षेत्र में लगा बिजली का ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायत मिली है। विभाग की ओर से मैकेनिक भेजा गया है। जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।