सतपुली से रेत लेकर लैंसडौन जा रहा था चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। पौड़ी नेशनल हाईवे पर गुमखाल और सतपुली के बीच बैरगांव के समीप एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चालक की मौत हो गई। घटना का पता शनिवार शाम को चला। सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने चालक के शव को खाई से बाहर निकाला। हादसे का कारण झपकी आना बताया जा रहा है।
गुमखाल चौकी प्रभारी एसआई प्रवेश कुमार ने बताया कि देवेंद्र सिंह (48) पुत्र स्व. राजेंद्र सिंह निवासी मगनपुर (किशनपुर), कोटद्वार, हाल निवासी तड़ियाल चौक शुक्रवार शाम करीब छह बजे सतपुली से डंपर में रेत लेकर लैंसडौन के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में जुट गए। इस बीच शनिवार शाम करीब 5:30 बजे बैरगांव के पास सड़क चौड़ीकरण कार्य में लगे श्रमिकों को खाई में डंपर दिखाई दिया। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर लैंसडौन कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने चालक को खाई से बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतक के दो बेटे हैं जिनकी उम्र 19 और 15 वर्ष है। पुलिस के अनुसार हादसे वाली जगह पर सड़क काफी चौड़ी है। आशंका जताई जा रही है कि वाहन चलाते समय झपकी आने से चालक डंपर पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन गहरी खाई में जा गिरा।