कोटद्वार। राज्यस्तरीय विज्ञान नाटक प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज सौली, जयहरीखाल के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। देहरादून स्थित एससीईआरटी सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश की 13 टीमों ने प्रतिभाग किया। सौली विद्यालय की टीम ने ‘बदलाव की दस्तक’ नाटक के माध्यम से इलेक्ट्रिक वाहनों की उपयोगिता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
नाटक का निर्देशन विद्यालय के भौतिक विज्ञान प्रवक्ता दौलत सिंह गुसाईं ने किया। शिक्षिका शिवानी और पल्लवी ने भी सहयोग दिया। नाटक में सृष्टि गुसाईं, स्वयं रावत, आदर्श असवाल, आकाश कोटनाला, प्रिया, सृष्टि, अक्षरा सिंह रावत और सारिका ने अभिनय किया। प्रधानाचार्य मनोज रावत ने बताया कि अब विद्यालय की टीम 29 नवंबर को दिल्ली के लिए रवाना होगी। वहां राष्ट्रीय साइंस सेंटर में 30 नवंबर से एक दिसंबर तक आयोजित उत्तर भारतीय विज्ञान नाटक प्रतियोगिता में टीम उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। संवाद