दुगड्डा/कोटद्वार। कोटद्वार-पौड़ी हाईवे पर कोटद्वार और दुगड्डा के बीच पांचवें मील ढाबे के पास सोमवार शाम को हुई भारी बारिश से भारी मात्रा में मलबा आ गया। जिससे हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई है। आवाजाही बाधित होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। सूचना पर एनएच प्रशासन की जेसीबी मलबा हटाने में जुटी हुई है। मलबे की चपेट में आने से पुलिस का वाहन बाल-बाल बच गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
सोमवार शाम को अचानक ही मौसम का मिजाज बदल गया और इस दौरान दुगड्डा व आसपास के क्षेत्र में जमकर बारिश हुई। जिससे पौड़ी नेशनल हाईवे पर शाम करीब 5:30 बजे कोटद्वार और दुगड्डा के बीच पांचवें मील ढाबे के समीप पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा आ गया। इस दौरान मलबे की चपेट में आने से पुलिस का वाहन बाल-बाल बच गया। मार्ग पर आवाजाही ठप होने से मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सीएम के प्रस्तावित लैंसडौन दौरे के लिए गए अधिकारियों व पत्रकारों के वाहन भी मौके पर फंस गए। सूचना पर एनएच प्रशासन की जेसीबी मलबा हटाने में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक मलबा हटाने का काम जारी था।
पांचवें मील ढाबे के पास पूर्व में मलबे के साथ बड़ा बोल्डर आ गया था। ब्रेकर मशीन और ब्लास्ट के बाद भी सफलता नहीं मिल पाई। साथ ही पहाड़ी से मलबा आने पर हाईवे पर आवाजाही बाधित हो रही है। जेसीबी मशीन से पुलिस के वाहन को निकालने व मलबे की सफाई का कार्य जारी है। जल्द ही दोबारा ब्लास्ट कर बोल्डर को हटाने के प्रयास किए जाएंगे।
- आशीष सैनी, जेई एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट।