कोटद्वार। दो दिन से हो रही मूसलाधार बारिश से रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म की विद्युत लाइन भी प्रभावित हुई। फाल्ट होने से प्लेटफॉर्म पर अंधेरा छा गया। सोमवार शाम श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस और रात में कोटद्वार-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस के संचालन के समय प्लेटफॉर्म पर अंधेरा छाया रहा। इससे यात्रियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर एकमात्र प्लेटफाॅर्म है। अमृत भारत स्टेशन योजना में प्लेटफाॅर्म पर सुधारीकरण का काम चल रहा है। सोमवार को दिन में पैसेंजर ट्रेनें रद्द होने से प्लेटफाॅर्म पर आवाजाही कम रही। इस कारण अतिवृष्टि से प्लेटफाॅर्म की विद्युत लाइन में फाल्ट होने का पता नहीं लगा। दिन ढलने पर जब लाइटें संचालित नहीं हुईं, तो कोटद्वार से नजीबाबाद रेलवे सेक्शन के विद्युत कार्यालय को सूचना दी गई। सोमवार रात साढ़े नौ बजे के बाद तकनीकी कर्मचारियों ने कोटद्वार पहुंचकर विद्युत लाइन में आई खराबी ठीक की।
इस बीच कोटद्वार से दिल्ली के लिए रवाना होने वाली श्री सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन के लिए प्लेटफार्म पर आए यात्रियों को मोबाइल टॉर्च जलाकर रास्ता और कोच तलाशना पड़ा। वहीं, 10 बजे के बाद कोटद्वार से आनंद विहार जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन के लिए पहुंचे यात्रियों को भी असुविधा हुई। कुछ देर बाद तकनीकी खराबी दूर कर प्लेटफार्म की बिजली सुचारू होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली।
वीरेंद्र रावत, सुशील डुकलान, देवराज सिंह ने बताया कि वे ज्यादातर आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस ट्रेन से ही दिल्ली जाते हैं। अक्सर उन्हें प्लेटफाॅर्म की लाइटें बंद ही मिलती हैं। लाइटें जलवाने के लिए कहने पर तकनीकी कर्मचारी के नजीबाबाद से आने की बात कही जाती है। रेलवे को इस समस्या का स्थायी समाधान तलाशना चाहिए।