कोटद्वार। गाड़ीघाट स्थित नलकूप फुंकने से शहर के कई मोहल्लों में तीन दिन से पेयजल संकट बन गया है। लोग दूसरे मोहल्लों से पानी भरकर लाने के लिए मजबूर हैं। जल संस्थान के अधिकारियों की मानें तो अभी लोगों को दो दिन और परेशानी झेलनी पड़ सकती है।
गाड़ीघाट नलकूप से कालाबड़, गोखले मार्ग, नजीबाबाद मार्ग और झंडाचौक समेत कई मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति होती है। गौतम मानूजा, मोहसिन खान, रईस सलमानी, आशीष शर्मा, यतेंद्र कुमार, चरणजीत सिंह, अजय कुमार, रोहित सिंह, दीपक कुमार व अशोक कुमार का कहना है कि तीन दिन से गोखले मार्ग व नजीबाबाद रोड पर पेयजल किल्लत बनी हुई है। जल संस्थान के कर्मचारियों और अधिकारियों की ओर से नलकूप की मोटर फुंकी होने की जानकारी दी जा रही है, लेकिन कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। अधिकारियों की ओर से अभी फुंकी मोटर की मरम्मत में दो से तीन दिन और लगने की बात कही जा रही है। जल संस्थान के सहायक अभियंता बीआर चौधरी ने बताया कि मोटर को ठीक कराने के लिए भेजा गया है। दो दिन के भीतर पेयजल व्यवस्था सुचारू हो जाएगी। संवाद