रसोई गैस के दाम में हुई वृद्धि के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर गैस सिलिंडर, अंगेठी और चकला बेलन लाकर रोटियां बनाईं और सरकार से रसोई गैस के बढ़े दाम को वापस लेेने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
शनिवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी चौक में एकत्र हुए। उन्होंने रसोई गैस के दामों में हुई बेतहाशा वृद्धि के विरोध में नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला और गांधी चौक में प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चकला बेलन से रोटियां बनाकर अंगीठियों में सेंकी और बनी हुई रोटियों को गरीबों में बांट दिया।
इस अवसर पर आयोजित सभा में कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव ज्योति रौतेला ने भाजपा पर जनविरोधी नीतियों को अपनाने का आरोप लगाया। कहा कि पहले ही देश की जनता बेरोजगारी और महंगाई के दौर से गुजर रही है। ऐसे में सरकार ने रसोई गैस की कीमत बढ़ाकर लोगों को महंगाई के बोझ तले दबा दिया है। केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते लोग परेशान हैं। इसका जवाब लोग आने वाले विधानसभा चुनाव में देंगे। उन्होंने सरकार से गैस सिलिंडरों की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर जन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख जयहरीखाल दीपक भंडारी, कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद दानिश, कांग्रेस के नगर अध्यक्ष महिपाल रावत, कांग्रेस के जयहरीखाल ब्लॉक के पूर्व अध्यक्ष एसएस नेगी, छावनी परिषद सदस्य इंद्रा रावत, संजय कन्नौजिया, जीप यूनियन अध्यक्ष एसएस चौहान, सौरभ नेगी, राजेश्वर गुप्ता, राजेश अग्रवाल व रोशन शाह सहित ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंची कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहे।
-फोटो