जीएमओयू ने सोमवार से पौड़ी के तीर्थस्थल डांडा नागराजा के लिए कोटद्वार से सतपुली होते हुए नई टैक्सी सेवा शुरू कर दी है। सोमवार को यह टैक्सी सेवा सुबह चार बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई। जीएमओयू की ओर से यह कवायद बंद पड़े रूटों पर यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए की गई है। बताया कि जल्द ही अन्य 25 रूटों पर टैक्सी सेवा शुरू कर दी जाएगी। इसके लिए छोटे वाहनों का पंजीकरण किया जा रहा है।
जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने बताया कि बसों की संख्या में कमी को देखते हुए एक अप्रैल से पांच रूटों पर टैक्सी सेवाएं शुरू की गई हैं जिसमें त्रिपालीसैंण, रिखणीखाल, पाबौ, पोखड़ा व संगलाकोटी कोलागाड़ की सेवाएं शामिल हैं। सोमवार को डांडा नागराजा के लिए 10 सीटर टैक्सी सेवा शुरू कर दी गई है। क्षेत्रवासियों की ओर से डिमांड मिलने पर अन्य सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। बताया कि पौड़ी जिले में करीब 24 पर्वतीय ब्रांच रूट ऐसे हैं, जहां पर बस सेवाएं बंद पड़ी हैं। उधर, गढ़वाल जीप टैक्सी समिति के अध्यक्ष अमरदीप सिंह रावत का कहना है कि समिति के अधीन कोटद्वार से गढ़वाल के मुख्य मार्गों के साथ ही ब्रांच रूटों के लिए नियमानुसार टैक्सी सेवाएं पहले से ही संचालित हैं। चारधाम यात्रा के लिए भी डिमांड मिलने पर वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।