उत्तराखंड परिवहन निगम ने कोटद्वार से हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। इसके साथ ही डाडामंडी के जमेली से कोटद्वार होते हुए देहरादून के लिए बस सेवा शुरू की है। सतपुली से दिल्ली के लिए एक और बस शुरू की गई है, जिससे पौड़ी-कोटद्वार रूट पर दिल्ली के लिए दो नियमित सेवाएं शुरू हो गई हैं।
अनलॉक-5 में परिवहन सेवाएं पटरी पर लौट आई हैं। हल्द्वानी रूट की बस के समय में बदलाव करते हुए इसे सुबह 5:30 बजे चलाया जा रहा है। यह बदलाव नजीबाबाद में कुमाऊं रूट की कई बस सेवाओं के समय को देखते हुए किया गया है। रोडवेज के एजीएम टीकाराम आदित्य ने बताया कि कोटद्वार से दिल्ली के लिए 10 सेवाएं चल रही हैं, जो गाजियाबाद के कौशांबी तक संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा जयपुर के लिए सुबह साढ़े दस बजे, चंडीगढ़ और गुरुग्राम के लिए साढ़े ग्यारह बजे, फरीदाबाद के लिए बारह बजे, अमृतसर के लिए साढ़े बारह बजे बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों की उपलब्धता को देखते हुए नजीबाबाद और बिजनौर के लिए भी बस सेवा शुरू कर दी गई है।