कोटद्वार/सतपुली। उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की शुक्रवार को चौथे कार्य दिवस पर अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखी। इस दौरान कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति दूर करने और पूर्ण सेवाकाल में पात्रता के अनुसार न्यूनतम तीन पदोन्नति प्रदान करने समेत 27 सूत्री मांगों के निराकरण की मांग को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। उधर सतपुली शाखा की ओर से भी सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया गया।
सिंचाई विभाग के कोटद्वार स्थित निरीक्षण भवन और सतपुली में लोनिवि निरीक्षण भवन में इंजीनियरों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कनिष्ठ अभियंताओं की वेतन विसंगति को दूर करने, पात्रता के अनुसार न्यूनतम तीन पदोन्नति प्रदान करने, पुरानी पेंशन योजना को बहाल करने समेत 27 सूत्री मांगों के निराकरण की मांग की गई। कोटद्वार में प्रदीप सैनी की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन कार्यक्रम हुआ जिसमें महासंघ के जिलाध्यक्ष कौशिद अली, गौरीशंकर, दीपेंद्र रावत, मुनीष बावरा, महकार सिंह, अजीत सिंह, विपिन सैनी, सुमन रावत, शेषराज, महेश काला आदि शामिल हुए। संवाद