कोटद्वार, लैंसडौन, यमकेश्वर, दुगड्डा के शिवालयों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार/लैंसडौन। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को कोटद्वार भाबर और निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्रों के श्रद्धालु शिवालयों में उमड़े रहे। लोगों ने हर हर महादेव के जयकारे के साथ भोलेनाथ की पूजा की।
सोमवार को सुबह होते ही लोगों ने अपने घरों में भगवान भोलेनाथ की पूजा अर्चना की और शिवालयों में जलाभिषेक कर शिव की आराधना की। इस दौरान कई मंदिरों में महामृत्युंजय जप का आयोजन भी किया गया। महिला मंगल दलों ने भोले नाथ के भजनों से माहौल भक्तिमय किया।
इस अवसर पर कोटद्वार के सिद्धपीठ श्री सिद्धबली मंदिर, फलाहारी बाबा मंदिर, सिद्धपीठ सुखरौ देवी मंदिर, सत्यनारायण मंदिर, संतोषी माता मंदिर, सिद्धबली मंदिर गूलरझाला, नव दुर्गामंदिर, गीता भवन मंदिर, सिंदूरा देवी मंदिर, घराट मंदिर, भैरों मंदिर, जगदेव मंदिर मवाकोट आदि में सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। लोगों ने लाइन पर लगकर भोलेनाथ की आराधना की।
लैंसडौन में श्रावण मास के पहले सोमवार को श्रद्धालुओं ने श्री कालेश्वर मंदिर के शिवलिंग में जलाभिषेक कर भोले बाबा से मन्नतें मांगी। इस मौके पर दूरस्थ इलाकों से भी श्रद्धालुओं ने आकर पूजा अर्चना की। दुगड्डा में दुर्गा देेवी मंदिर और हनुमंती के सिद्धबली मंदिर स्थित शिवालय, यमकेश्वर के यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। महाबगढ़ मंदिर में दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने भी शिवालय की पूजा अर्चना कर मन्नत मांगी।
- फोटो समाचार