संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। नगर निगम क्षेत्र में अब डेंगू रोग का प्रभाव बढ़ने लगा है। बुधवार को 12 लोगाें के रैपिड एंटीजन टेस्ट में पांच लोगों पर डेंगू की पुष्टि हुई है। राजकीय बेस अस्पताल में अब डेंगू मरीजों की संख्या बढ़कर सात हो गई है। सभी मरीजों को डेंगू वार्ड में भर्ती कर उनका उपचार शुरू कर दिया गया है।
कोटद्वार, भाबर और निकटवर्ती पर्वर्तीय क्षेत्रों मेें हो रही बारिश से जगह-जगह हो रहे जलभराव और लोगों द्वारा बरती जा रही असावधानी अब डेंगू रोग के रूप में सामने आने लगी है। खाली प्लॉटों में जमा बरसाती पानी आदि जगहों से डेंगू के मच्छर पैदा हो रहे हैं। जो लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं।
बेस अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को आठ डेंगू संदिग्ध लोगों की रैपिड एंटीजन जांच की गई थी, जिसमें दो लोग पॉजिटिव आए थे। मंगलवार को पांच लोगों की जांच हुई जिसमें एक भी पॉजिटिव नहीं आया, लेकिन बुधवार को 12 डेंगू संदिग्ध लोगों की रैपिट एंटीजन जांच करने के बाद पांच लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
-
बेस अस्पताल में की गई जांच में बुधवार को पांच लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। सभी पीड़ितों का उपचार शुरू कर दिया गया है। चिकित्सकों को डेंगू मरीजों का विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
- डाॅ. विजयेश भारद्वाज, प्रमुख अधीक्षक राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार
- फोटो समाचार