कोटद्वार-पौड़ी नेशनल हाईवे (एनएच-534) से कल्जीखाल को जोड़ने वाले बौंसाल पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों और विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने पुराने पुल के समीप प्रदर्शन कर धरना दिया।
एचएनबीजीयू श्रीनगर के पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष मंजीत नेगी की अगुवाई में क्षेत्र के कई संगठनों से जुड़े लोग बौंसाल गार्डर पुल के पास धरने पर बैठे और राज्य सरकार से जर्जर पुल के स्थान पर नया पुल बनाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि चार दशक पुराना गार्डर पुल जीर्णशीर्ण पड़ा है जबकि बौंसाल पुल गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत के सीरों गांव को भी सड़क मार्ग से जोड़ता है। इस पुल से 12 से अधिक गांवों की 18 हजार से अधिक की आबादी यहां से आवाजाही करती है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही धरना स्थल पर पहुंचे विश्व बैंक खंड लोनिवि पौड़ी के अधिशासी अभियंता अशोक कुमार नौटियाल ने बताया कि 518.85 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल के निर्माण का टेंडर हो चुका है। प्रथम चरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। जल्द पुल बनकर तैयार हो जाएगा। धरना-प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य संजय डबराल, मुंडेश्वर मेला समिति के अध्यक्ष बलवंत सिंह, मनीष खुगशाल, ग्राम प्रधान शैलेंद्र असवाल (सरासू), वीरेंद्र लाल (मिरचोड़ा), पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोहर लाल पहाड़ी, मधु देवी, पिंकी देवी, संगीता देवी, सरोजनी देवी, चंद्रमोहन, राहुल नेगी शामिल रहे।