संवाद न्यूज एजेंसी
कोटद्वार। सांसद प्रतिनिधि चंडी प्रसाद कुकरेती और पूर्व प्रधान चंद्रमोहन गौड़ ने जल निगम, जल संस्थान और ऊर्जा निगम के अधिशासी अधिकारियों से मुलाकात कर मालन घाटी के गांवों में आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइनों और विद्युत लाइनों को दुरुस्त करने की मांग की। तीनों विभागीय अधिकारियों ने उन्हें जल्द समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिया है।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता अभिषेक वर्मा और जल निगम के अधिशासी अभियंता आशीष मिश्रा से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि दैवी आपदा से मालन घाटी में जल निगम और जल संस्थान की पेयजल योजनाओं और पाइप लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे लोगों को परेशानी हो रही है।
ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता नंदिता अग्रवाल से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि आपदा से मालन घाटी के न्याय पंचायत दूणी-मांडई, सिमलना और चूना महेड़ा गांव में विद्युत लाइनों को भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने नदी घाटियों में अति संवेदनशील स्थानों से गुजर रही विद्युत लाइनों को सुरक्षित स्थानों में शिफ्ट करने, नालीखाल से महाबगढ़ सिमलना के लिए अलग फीडर बनाने की मांग की है।
फोटो समाचार