सतपुली। मंडल मुख्यालय पौड़ी और नयार घाटी क्षेत्र को ताड़केश्वर धाम से सीधे जोड़ने के लिए सतपुली-बंदूण-पास्ता-ताड़केश्वर मोटर मार्ग के निर्माण की मांग तेज हो गई है। ग्राम प्रधान सुनील खंतवाल ने सतपुली में क्षेत्रीय विधायक एवं लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि सतपुली को ताड़केश्वर धाम से सीधे जोड़ने के लिए ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे हैं। वर्तमान में सतपुली से पास्ता मल्ला तक करीब 21 किलोमीटर मोटर मार्ग का निर्माण हो चुका है। पास्ता मल्ला से करीब चार किलोमीटर सड़क का निर्माण कर इसे ताड़केश्वर धाम से जोड़ दिया जाए तो क्षेत्र के बड़े हिस्से को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
मार्ग के बनने से पौड़ी मंडल एवं जिला मुख्यालय, नयार घाटी, ताड़केश्वर धाम, रिखणीखाल और नैनीडांडा क्षेत्र के आवागमन को सुविधा मिलेगी। साथ ही ग्रामीणों को लैंसडौन और सिसल्डी मोटर मार्गों से होकर 25 से 30 किमी अतिरिक्त दूरी तय करने से भी राहत मिलेगी। लोनिवि मंत्री सतपाल महाराज ने ग्राम प्रधान को मांग पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।