कोटद्वार। गोविंद नगर की सघन आबादी के बीच काफी गहरे नाले के स्लैब टूटे होने से राहगीरों की जान को खतरा बना हुआ है। कई बार शिकायतों के बावजूद निगम ने क्षतिग्रस्त स्लैब को नहीं बदलवाया है। जिससे लगातार घटनाएं हो रही हैं। वहीं नगर आयुक्त ने जल्द ही स्लैब बदलवाने का आश्वासन दिया है।
रोडवेज डिपो के नजदीक गोविंद नगर की सघन आबादी के बीच स्थित दीपक वेडिंग प्वाइंट के पीछे गहरे नाले के स्लैब कई जगह टूटे पड़े हैं। यहां नाले की गहराई करीब सात से आठ फीट है। क्षेत्रवासी सुरेश भाटिया, हरजीत सिंह, प्रदीप सिंह का कहना है कि स्लैब टूटे होने से यहां कई बार नाले में वाहन गिर चुके हैं और राहगीर भी गिरकर घायल हो चुके हैं। कुछ दिन पहले ही दोपहिया वाहन से गुजरते समय अनीता आर्य दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बचीं। विपिन कुमार, जगमोहन सिंह राणा एडवोकेट, राजू भाटिया का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
मनीष भाटिया, गणपत भाटिया, टीटू भाटिया आदि क्षेत्र के लोगों ने दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नालों पर पड़े क्षतिग्रस्त स्लैब तत्काल बदलवाने की मांग की है। वहीं, नगर आयुक्त वैभव गुप्ता ने बताया कि कल ही गोविंद नगर में मौका-मुआयना किया गया। जहां नालों के स्लैब टूटे पड़े हैं, फिलहाल वहां रेत-मिट्टी के कट्टे रखकर संकेतक लगा दिए हैं। आगामी दो दिन के भीतर टूटे स्लैब बदलवा दिए जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सावधानी बरतने की अपील की।