सिंगटाली में गंगा नदी में मोटर पुल बनाने के लिए चिह्नित स्थल।
- फोटो : KOTDWAR
पौड़ी और टिहरी जिलों के बीच गंगा नदी में सिंगटाली में मोटर पुल निर्माण को लेकर पौड़ी जिले के पांच ब्लाक प्रमुख समेत कई जनप्रतिनिधियों ने आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है।
ब्लाक प्रमुखों का कहना है कि सतपुली समेत द्वारीखाल विकासखंड से देहरादून के बीच की दूरी कम करने के उद्देश्य से 2005 में तत्कालीन केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री मेजर जनरल भुवनचंद्र खंडूड़ी (से.नि.) ने ब्यासघाट से कौड़ियाला के मध्य 24 किमी मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दी थी। इसके तहत पौड़ी जिले के ढांगूगढ़ और टिहरी जिले के सिंगटाली में गंगानदी में मोटर पुल बनाया जाना था। विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित मोटरपुल का निर्माण लोनिवि विश्व बैंक खंड पौड़ी की ओर से किया जा रहा था। पुल निर्माण के लिए प्रक्रिया गतिमान थी कि इस बीच जून 2019 में एक एनजीओ ने कई तर्क देते हुए पुल का निर्माण कार्य रोकने की मांग कर डाली। प्रदेश सरकार ने मोटरपुल के प्रोजेक्ट को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
द्वारीखाल ब्लॉक के प्रमुख महेंद्र सिंह राणा, जयहरीखाल के ब्लॉक प्रमुख दीपक भंडारी, पौड़ी ब्लॉक के प्रमुख दीपक खुगशाल, पाबौं की ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, पोखड़ा की ब्लॉक प्रमुख प्रीति देवी ने कहा कि पुल निर्माण के लिए जल्द ही संघर्ष की रणनीति बनाई जाएगी। सिंगटाली में मोटर पुल की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही है। इसे रोकना ठीक नहीं है।
सिंगटाली में गंगा नदी पर प्रस्तावित मोटर पुल को अन्यत्र शिफ्ट करने के आदेश मिले हैं, जिसे सिंगटाली से पांच किमी उत्तर-पूर्व में कौडियाला के पास बनाया जाएगा। इसके लिए स्थान चिह्नित किया जा रहा है।
-डीसी नौटियाल, ईई लोनिवि श्रीनगर गढ़वाल