नजीबाबाद मार्ग स्थित एक वार्ड के कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसका कोटद्वार के एक निजी अस्पताल में डेंगू का उपचार चल रहा था। तबीयत बिगड़ने पर उसे शनिवार को हायर सेंटर एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर किया गया था। वहीं कोटद्वार में एक महिला समेत दो लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने के बाद उन्हें भर्ती कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कोटद्वार के नजीबाबाद रोड निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति को कुछ दिन पूर्व बुखार आया था। तब उसे निजी क्लीनिक ले जाया गया, जहां जांच में उसमें डेंगू की पुष्टि हुई थी। यहां से उसे ऋषिकेश एम्स के लिए रेफर किया गया। एम्स में भर्ती करने के दौरान मरीज की कोरोना जांच करवाई गई, जिसमें कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। उपचार के दौरान शनिवार रात मरीज ने दम तोड़ दिया। सीएमओ डा. मनोज बहुखंडी ने बताया कि संक्रमितों की संपर्क सूची तैयार की जा रही है।