शहर के आमपड़ाव मीट मार्केट में एक नव विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। नवविवाहिता तीन माह के गर्भ से थी। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। उधर, मृतका के पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।
मृतका के पति दीपक रावत ने बताया कि शनिवार रात को खाना खाने के बाद वह देर रात तक बाहर के कमरे में टीवी देख रहा था और वहीं पर सो गया। उसकी पत्नी ज्योति रावत (30) अंदर के कमरे में सो गई थी। सुबह पांच बजे अंदर के कमरे में जाने के लिए उठा तो दरवाजा बंद था और अंदर से कुंडी लगी हुई थी। जब उसने अंदर कमरे में झांका तो उसकी पत्नी ज्योति पंखे से लटकी हुई थी। उसने इसकी सूचना अपने परिजनों को दी और दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा। वह ज्योति को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंचा, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बाजार चौकी इंचार्ज एसआई प्रदीप नेगी ने बताया कि महिला के पति दीपक रावत ने बताया कि ज्योति ने फांसी लगाकर जान दी है। इसकी सूचना एसडीएम राकेश तिवारी को दी गई। एसडीएम ने पंचनामा और अन्य कार्रवाई के लिए प्रभारी तहसीलदार हरिमोहन खंडूड़ी को अधिकृत किया है।
सूचना मिलते ही मृतका के पिता गजेंद्र सिंह रावत और अन्य ग्रामीण कोटद्वार पहुंच गए हैं। उन्होंने बेटी के ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है।