द्वारीखाल ब्लाक के अंतर्गत पौखाल-भवांसी-मांडलू मार्ग पर सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियां हादसों को न्योता दे रही हैं। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लोनिवि दुगड्डा पर सड़क की अनदेखी का आरोप लगाते हुए झाड़ियों के कटान की मांग की।
ग्राम प्रधान कूंतणी लक्ष्मी डबराल ने कहा कि झाड़ियों के कारण सड़क के मोड़ पर सामने की ओर से आने वाले वाहनों का पता नहीं चल पाता है, जिससे मार्ग पर दुर्घटनाएं होने का खतरा बना हुआ है। साथ ही पैदल आवाजाही करने वाले लोगों को जंगली जानवरों से भी खतरा बना रहता है। लोनिवि दुगड्डा के एई सुधीर नैथानी ने कहा कि जल्द ही सड़क के दोनों ओर की झाड़ियों का कटान कर दिया जाएगा। चौड़ीकरण के दौरान क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों की मरम्मत के लिए विभागीय ठेकेदार को निर्देशित किया जाएगा।