साइबर ठगों ने बीएसएनएल का सिम शुरू करने के नाम पर छावनी चिकित्सालय में कार्यरत एक कर्मचारी के खाते से तीस हजार रुपये की धनराशि निकाल ली। पीड़ित स्वास्थ्य कर्मी ने मामले में साइबर क्राइम सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
छावनी चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभाग में कार्यरत कर्मचारी भारत सिंह ने मामले में साइबर सेल देहरादून और कोटद्वार को ऑनलाइन तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने कहा कि गत 1 मार्च की सुबह उनके पास एक अज्ञात नंबर से उनके बीएसएनएल सिम बंद होने का मैसेज आया, जिसे एक्टिव कराने के लिए मैसेज में दिए गए नंबर पर बात करने के लिए कहा गया। उन्होंने अगले दिन दो मार्च को उक्त नंबर पर बात की, तो फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने उन्हें बताया कि सिम एक्टिव करने के लिए उन्हें गूूगल साइट पर जाकर एनी डेस्क एप पर 10 रुपये की धनराशि जमा करानी है, जिस पर उन्होंने उक्त एप पर 10 रुपये की धनराशि जमा कर दी। धनराशि जमा करने के 10 मिनट बाद ही उनके खाते से पहले 19,999 रुपये निकाल लिए गए और अगले कुछ मिनटों बाद ही 10 हजार की राशि फिर निकाल ली गई। तहरीर के आधार पर साइबर सेल की टीम मामले की जांच कर रही है।