पुलिस के साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी का शिकार हुए कोटद्वार बेस अस्पताल के एक चिकित्सक को दो लाख रुपये की रकम वापस करा दी।
कोतवाल नरेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि डा. सतीश कुमार निवासी मेरठ ने दो लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायत की थी। साइबर सेल ने ठग के खाते को सीज कराते हुए दो लाख रुपये की रकम चिकित्सक को वापस दिला दी है। साइबर सेल निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि अगस्त से अब तक साइबर ठगी के 58 मामलों में कार्रवाई की गई है। ठगी का शिकार हुए लोगों की करीब साढ़े 11 लाख रुपये की धनराशी वापस कराई गई है। उन्होंने लोगों से अज्ञात कॉल और मेसेज से सावधान रहने, किसी को भी अपना पासवर्ड, ओटीपी, सीवीवी शेयर नहीं करने, अनजान लिंक, ऑनलाइन जॉब ऑफर से संबंधित लिंक पर क्लिक न करने और अनजान क्यूआर कोड को स्कैन नहीं करने की सलाह दी है। साथ ही ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल कोतवाली में साइबर सेल कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।